रायगढ़ : बारिश थमते ही रफ्तार पकड़ेंगे निर्माण कार्य, जून तक पूरा करने कलेक्टर ने तय की समय-सीमा

PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – रायगढ़ : बारिश थमते ही रफ्तार पकड़ेंगे निर्माण कार्य, जून तक पूरा करने कलेक्टर ने तय की समय-सीमा – जिले में महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को गति देने और नए प्रोजेक्ट्स को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिला कलेक्टोरेट में निर्माण एजेंसियों और संबंधित ठेकेदारों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में परियोजनाओं की प्रगति के साथ नए कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति, डीपीआर और टेंडर प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।

अक्टूबर से पहले पूरी हों कागजी प्रक्रियाएं

कलेक्टर ने कहा कि बारिश थमने के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित कार्यों को आगामी जून तक पूरा करने के लिए सभी निर्माण एजेंसियां अभी से ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें।

उन्होंने नए कार्यों के लिए डीपीआर तैयार करने, प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया और अन्य दस्तावेजी कार्य अक्टूबर से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो सकें।

गुणवत्ता और गति दोनों पर कोई समझौता नहीं

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गति और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा गुणवत्ता संबंधी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण और निर्माण कार्यों की सुपरविजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

हर 15 दिन में होगी समीक्षा

महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की प्रगति की हर 15 दिन में समीक्षा की जाएगी। इसमें कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली जाएगी।

कलेक्टर ने सभी एजेंसियों, अधिकारियों और ठेकेदारों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए।

नालंदा परिसर से मरीन ड्राइव तक शहरी परियोजनाओं पर नजर

बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सेतु विभाग, हाउसिंग बोर्ड सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।

नगर निगम क्षेत्र की नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव, स्टेडियम, तालाब सौंदर्यीकरण और नाला निर्माण जैसी परियोजनाओं में आवश्यक गति लाने के निर्देश दिए गए।

फोरलेन, रिंग रोड और प्रमुख सड़कों की समीक्षा

बैठक में कनौत-कमतरा, चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर, ढिमरापुर चौक-कोतरा थाना चौक फोरलेन, कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़, रिंग रोड-बायपास, रायगढ़-कोतरा-नंदेली फोरलेन, रायगढ़-लोइंग-महापल्ली फोरलेन, खरसिया बायपास सहित प्रमुख सड़क एवं फोरलेन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

इसके अलावा छाल-खरसिया मार्ग, ढिमरापुर-पतरापाली फोरलेन, टीवी टावर रोड-मेडिकल कॉलेज फोरलेन और उर्दना चौक-सर्किट हाउस फोरलेन के कार्यों की भी जानकारी ली गई।

शिक्षा, खेल और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में प्रयास आवासीय विद्यालय भवन, ट्रांजिट हॉस्टल, नवीन संगीत महाविद्यालय, किरोड़ीमल महाविद्यालय में लैब एवं भवन, पुसौर और महापल्ली के बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम तथा कुसमुरा नवीन महाविद्यालय सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

वहीं खरसिया आरओबी, विभिन्न पुल निर्माण, केनाल लिंक रोड, रिवर फ्रंट, ऑक्सीजोन, जेल कॉम्प्लेक्स और विश्राम भवन में अतिरिक्त कक्ष जैसे कार्यों की प्रगति भी देखी गई।

मुख्यमंत्री एवं मंत्री घोषणाओं, अधोसंरचना मद, विधायक निधि और जिला खनिज न्यास निधि से स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *