PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : राष्ट्रपति से भेंट कर लौटे प्रतिभावान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की सौजन्य मुलाकात – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व गौरव की बात
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में गौरव की बात है। प्रदेश के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति के जरिए राज्य का मान बढ़ाया है।
विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने उनसे सहजता से बातचीत करते हुए उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली।
CWSN विद्यार्थी नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी
राष्ट्रपति भवन में मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी यादगार बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को मिले ऐसे विशेष अवसर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके सपनों को नई ऊंचाई देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राष्ट्रपति भवन में गूंजा छत्तीसगढ़ का सुवा नृत्य
विशेष मुलाकात के दौरान छात्राओं ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी। लोकगीत, संगीत और संस्कृति से जुड़ी इस प्रस्तुति की राष्ट्रपति ने सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य विरासत है। नई पीढ़ी जब इसे देश के प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो परंपराओं को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान मिलती है।
बड़े लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें विद्यार्थी
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभव को आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ उन्हें हासिल करने का प्रयास करें।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां परिवार, छत्तीसगढ़ और देश को गौरवान्वित करेंगी।
इन विद्यार्थियों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात
राष्ट्रपति भवन जाने वाले विद्यार्थियों में राजवती पोयाम (नारायणपुर), हिमांशु ठाकुर (सुकमा), पायल राजानी (दुर्ग), रागनी साहू (महासमुंद), नुकेश कुमार वर्मा (रायपुर), दुर्गेश साहू (महासमुंद) और डिगेश सेन (महासमुंद) शामिल थे।
इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर तथा चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता (भौतिकी), शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी उपस्थित रहे।

