PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से नवा रायपुर में खुलेगा प्रतिष्ठित NMIMS, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ लगाएगा नई छलांग – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) के नवा रायपुर अटल नगर कैंपस की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके साथ ही नवा रायपुर में संस्थान की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है।
40 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक कैंपस
NMIMS का आधुनिक कैंपस नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में लगभग 40 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर दी गई है।
राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अब लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री पूरी होने के साथ परियोजना के अगले चरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
दो से तीन वर्ष में शुरू हो सकता है पहला शैक्षणिक बैच
संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया आगामी सात वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले मिलने की उम्मीद है। दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने का लक्ष्य है।
पूरी तरह विकसित होने के बाद कैंपस में लगभग 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
प्रदेश के युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े। NMIMS की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रदेश में ही उपलब्ध होने से युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।
शिक्षा के साथ रोजगार, कौशल और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
NMIMS की स्थापना का लाभ केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। संस्थान के माध्यम से कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच सहयोग से उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और स्टार्टअप एवं उद्यमिता से जुड़ने के अवसर भी मिलेंगे।
नवा रायपुर को एजुकेशन और नॉलेज हब बनाने की दिशा में बढ़ा कदम
राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के आने से देश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता यहां आएंगे।
इससे नवा रायपुर के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक वातावरण के साथ शिक्षा से जुड़ी सेवाओं और रोजगार के अवसरों का भी विस्तार होगा।
सरकार की युवा-केंद्रित नीति को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की युवा-केंद्रित विकास नीति में शिक्षा, कौशल, नवाचार और रोजगार को एक-दूसरे से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। NMIMS की स्थापना इसी सोच को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद तथा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार उपस्थित रहे।

