रायपुर : नोनी सुरक्षा योजना से कौशिल्या की बेटी के भविष्य को मिला आर्थिक संबल

PTV BHARAT 2 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : नोनी सुरक्षा योजना से कौशिल्या की बेटी के भविष्य को मिला आर्थिक संबलसरगुजा जिले के ग्राम पंचायत मेंड्राकला निवासी श्रीमती कौशिल्या रजवाड़े की बेटी को छत्तीसगढ़ शासन की नोनी सुरक्षा योजना का लाभ मिला है। योजना के तहत बेटी के नाम पर एक लाख रुपये का बॉन्ड मिलने से परिवार को उसके भविष्य की आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है। योजना का उद्देश्य बेटियों के सुरक्षित भविष्य और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।

सीमित आय के बीच बेटी के भविष्य की चिंता

श्रीमती कौशिल्या के पति श्री राजेश कुमार रजवाड़े कृषि कार्य करते हैं। परिवार की सीमित आय के चलते कौशिल्या अपनी बेटी की शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित रहती थीं। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उन्हें नोनी सुरक्षा योजना की जानकारी दी।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से हुआ पंजीयन

आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन पंजीकृत किया गया। इसके बाद उनकी बड़ी बेटी का नोनी सुरक्षा योजना में पंजीयन हुआ और उसके नाम पर एक लाख रुपये का बॉन्ड प्राप्त हुआ।

18 वर्ष की आयु और 12वीं के बाद मिलेगी राशि

श्रीमती कौशिल्या ने बताया कि योजना के तहत प्राप्त बॉन्ड एलआईसी बीमा के माध्यम से प्रदान किया गया है। निर्धारित शर्तों के अनुसार बालिका के 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद निर्धारित राशि प्राप्त होगी। इस राशि का उपयोग बेटी की आगे की पढ़ाई और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए किया जा सकेगा।

आर्थिक सुरक्षा से बढ़ा परिवार का भरोसा

कौशिल्या ने कहा, “बेटी के भविष्य के लिए पहले से आर्थिक सुरक्षा मिलना हमारे लिए बड़ी राहत है। अब उसकी पढ़ाई और आगे के जीवन को लेकर हमारा भरोसा बढ़ा है।”

मुख्यमंत्री और मंत्री के प्रति जताया आभार

श्रीमती कौशिल्या ने नोनी सुरक्षा योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके लिए यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटी के सपनों को सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाने वाला मजबूत संबल बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *