PTV BHARAT 2 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : पोषण माह 2026 की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय समीक्षा, ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ पर रहेगा जोर – छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के प्रभावी आयोजन को लेकर संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग में अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण माह के दौरान होने वाली गतिविधियों, विभागीय समन्वय और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ होगा मुख्य विषय
भारत सरकार के निर्देशानुसार सितंबर माह को प्रदेश में राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में जनभागीदारी के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसका मुख्य विषय “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखा गया है।
पोषण माह का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार के साथ समुदाय में स्वस्थ खान-पान और पोषण संबंधी व्यवहार को बढ़ावा देना है।
आहार विविधता और प्रोटीन सेवन पर विशेष ध्यान
बैठक में आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन सेवन, आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा एवं गरम पका भोजन, सामुदायिक सहभागिता, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन जैसे विषयों पर गतिविधियां संचालित करने पर चर्चा हुई।
इसके साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण से जुड़ी गतिविधियों पर भी जोर दिया गया।
पोषण को जनआंदोलन बनाने पर जोर
अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं और गतिविधियों को आपस में जोड़कर पोषण को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया। आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायतों, विद्यालयों और समुदाय के माध्यम से पोषण जागरूकता को व्यापक बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कई विभागों के बीच होगा समन्वय
बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, नगरीय प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण, स्कूल शिक्षा, जनसंपर्क, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, अनुसूचित जाति विकास, आदिम जाति कल्याण, कौशल विकास सहित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष के प्रतिनिधि शामिल हुए।
डिजिटल मॉनिटरिंग से पोषण संकेतकों की निगरानी
पोषण माह के दौरान समुदाय आधारित गतिविधियों और पोषण जागरूकता के साथ डिजिटल मॉनिटरिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पोषण ट्रैकर के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों के विभिन्न पोषण संकेतकों की डिजिटल निगरानी की व्यवस्था की गई है।
हर विभाग में नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी
बैठक में सभी संबंधित विभागों से अपने-अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नामांकित करने और गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए आपसी समन्वय सुनिश्चित करने कहा गया। उद्देश्य है कि पोषण माह के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी तरीके से संचालित हों और पोषण जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचे।

