PTV BHARAT 15 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस जीपीएम में जगमगाएंगे 2 लाख आशीर्वाद के दीये
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियां जिलेभर में संचालित की जाएंगी।
अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को शाम 7 बजे जिले में 2 लाख आशीर्वाद के दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर पेंड्रा के मल्टीपर्पस स्कूल मैदान में जिला स्तरीय दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां 11 हजार दीप एक साथ जलाए जाएंगे। आयोजन को सेवा, संकल्प और जनभागीदारी का भव्य प्रतीक बताया गया है।
जिले के गांवों और शहरों में एक साथ जगमगाएंगे दीप
जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही जिले के तीनों जनपद पंचायत क्षेत्रों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा। मरवाही की 10, गौरेला की 8 तथा पेंड्रा की 7 चयनित ग्राम पंचायतों में कुल 25 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इसके अलावा पेंड्रा स्थित दुर्गा सरोवर, जिले के सभी अमृत सरोवर, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही परिवारों, महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं, बिहान स्व-सहायता समूहों तथा सभी शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में भी दीप जलाए जाएंगे। इस सामूहिक आयोजन के माध्यम से गांव से लेकर शहर तक सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश पहुंचाने की तैयारी की गई है।
कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा की
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें और अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करें। साथ ही अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो नियमित रूप से निर्धारित गूगल ड्राइव में अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्यक्रमों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किया जा सके।
सर्व समाज प्रमुखों से सहभागिता की अपील
अभियान को व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में सर्व समाज प्रमुखों की बैठक ली। उन्होंने समाज प्रमुखों को अभियान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए अपने-अपने समाज के सदस्यों को इसमें सक्रिय रूप से जोड़ने की अपील की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलारी, वन मंडलाधिकारी श्री निशांत कुमार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने भी अभियान की कार्ययोजना और विभिन्न प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी साझा की। समाज प्रमुखों एवं नागरिकों को 17 सितंबर को मल्टीपर्पस स्कूल मैदान पेंड्रा में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
एक माह तक होंगे विविध सेवा कार्यक्रम
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति कलश, सेवा मेरा योगदान, जल जन सेवा संकल्प, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज तथा सुशासन सेवा संवाद सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, नागरिकों और विभिन्न समुदायों की भागीदारी बढ़ाने के साथ सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप देने का उद्देश्य रखा गया है।
जिलेवासियों से अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों, गांवों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागी बनें। प्रशासन का कहना है कि जिलेभर में एक साथ जलने वाले 2 लाख आशीर्वाद के दीये सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे तथा पूरे जिले में अभियान के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करेंगे।

