PTV BHARAT 15 SEPTEMBER 2026 – सरगुजा : संभाग में सड़क अधोसंरचना को मिलेगी ऐतिहासिक मजबूती, 44 सड़क कार्यों के लिए 1,093.73 करोड़ रुपये मंजूर
छत्तीसगढ़ शासन ने सरगुजा संभाग के विकास और सुशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संभाग के सभी छह जिलों सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 44 मुख्य सड़क कार्यों हेतु कुल 1,093.73 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के तहत नई सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण, डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण, फोरलेन निर्माण और आवश्यक स्थानों पर पुल-पुलिया का निर्माण किया जाएगा।
सरगुजा जिला
अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र में लरंगसाय चौक से रामानुजगंज मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 69.10 करोड़ रुपये तथा गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किलोमीटर फोरलेन के लिए 61.34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लुण्ड्रा और सीतापुर क्षेत्रों में असकला-दोरना मार्ग, सोनतराई-मैनपाट मार्ग के लिए 26.33 करोड़ रुपये सहित विभिन्न मार्गों और पुलियों के सुदृढ़ीकरण के कार्य भी शामिल हैं।
सूरजपुर जिला
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर 63 किलोमीटर मार्ग के लिए 64.93 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा कल्याणपुर-लटोरी मार्ग के लिए 40.93 करोड़ रुपये, विशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के लिए 32.24 करोड़ रुपये और सूरजपुर के 17 किलोमीटर रिंग रोड के सुदृढ़ीकरण के लिए 16.39 करोड़ रुपये सहित कई अन्य मार्गों के विकास कार्य किए जाएंगे।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला
परसवार से चलगली 18 किलोमीटर उन्नयन मार्ग के लिए 38.80 करोड़ रुपये, वाड्रफनगर-जनकपुर-बलंगी मार्ग के लिए 35.32 करोड़ रुपये तथा कामेश्वरनगर-लुरगी मार्ग के लिए 25.69 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन सड़क परियोजनाओं से सीमावर्ती क्षेत्रों तक आवागमन और पहुंच भी आसान होगी।
जशपुर जिला
लुड़ेग-बागबहार-तपकरा-लवाकेरा 55.80 किलोमीटर राज्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 40.32 करोड़ रुपये, पत्थलगांव के पहाड़ी भागों के उन्नयन के लिए 36.85 करोड़ रुपये तथा बतौली-बगीचा-चरईडांड मार्ग के लिए 34.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सड़कें बनेंगी विकास की जीवनरेखा
इन व्यापक सड़क परियोजनाओं से केवल आवागमन ही सुगम नहीं होगा, बल्कि इनके दूरगामी आर्थिक और सामाजिक लाभ भी होंगे। कृषि और व्यापार को गति मिलेगी तथा किसानों के कृषि उत्पाद आसानी से बाजारों तक पहुंच सकेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों और मरीजों के लिए स्कूल, कॉलेज एवं स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना सुगम होगा। बेहतर कनेक्टिविटी से गांवों तक सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ भी त्वरित गति से पहुंच सकेगा।
1,093.73 करोड़ रुपये की लागत वाली ये 44 परियोजनाएं सरगुजा संभाग के समग्र विकास, निवेश को बढ़ावा देने और नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में मील का पत्थर साबित होंगी।

