PTV BHARAT 27 SEPTEMBER –रायपुर : सेवा संकल्प अभियान 2026 : सेवा मेरा योगदान : जशपुर में वॉकथॉन के जरिए गूंजा नशामुक्त समाज का संदेश – सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ जशपुर नगर में रविवार को आयोजित वॉकथॉन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने कदम से कदम मिलाकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से निकली इस पदयात्रा के माध्यम से नागरिकों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सामाजिक सरोकारों में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
वॉकथॉन में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
जय स्तंभ चौक से रणजीता स्टेडियम तक निकली पदयात्रा
वॉकथॉन जय स्तंभ चौक से प्रारंभ होकर बस स्टैंड होते हुए रणजीता स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने अभियान को जनसहभागिता का स्वरूप दिया।
नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का लिया संकल्प
रणजीता स्टेडियम में विधायक रायमुनि भगत ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
विधायक भगत ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास नहीं, बल्कि परिवार और समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जशपुर जिले में जनभागीदारी के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वॉकथॉन के जरिए सेवा और जनसहभागिता के साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

