PTV BHARAT 02 OCTOBER 2026 – जीपीएम : सेवा की कहानी : महतारी वंदन की राशि बनी बेटी के भविष्य की पूंजी, हर माह सुकन्या खाते में बचत कर रहीं श्यामकली – महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं को वर्तमान जरूरतें पूरी करने के साथ भविष्य के लिए बचत का अवसर भी दे रही है। जीपीएम जिले के पेंड्रा विकासखंड के ग्राम सोनमुड़ा निवासी श्यामकली के लिए यह योजना परिवार की जरूरतों में सहारा बनने के साथ बेटी के सुरक्षित भविष्य की नींव मजबूत करने का माध्यम बनी है।
हर माह 500 रुपये सुकन्या खाते में जमा – श्यामकली महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से हर माह 500 रुपये अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में जमा करती हैं। उनका उद्देश्य नियमित बचत के माध्यम से बेटी की शिक्षा और भविष्य की अन्य आवश्यकताओं के लिए सुरक्षित आर्थिक आधार तैयार करना है। शेष राशि का उपयोग वह परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों और आवश्यक घरेलू खर्चों में करती हैं।
छोटी बचत से बेटी के भविष्य की मजबूत नींव – श्यामकली बताती हैं कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का भरोसा मिला है। छोटी-छोटी राशि नियमित रूप से सहेजकर वह बेटी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं। उनके लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटी के सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी बनी है।
श्यामकली ने महतारी वंदन योजना से मिले आर्थिक संबल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना की राशि से घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिल रही है और साथ ही बेटी के भविष्य के लिए नियमित बचत भी कर पा रही हैं।
श्यामकली की कहानी बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के साथ भविष्य की योजनाओं को भी मजबूती दे सकती है। महतारी वंदन योजना की राशि को बेटी की सुकन्या समृद्धि योजना से जोड़कर उन्होंने आर्थिक सहायता को भविष्य की बचत में बदलने की पहल की है।

