धमतरी : ‘सेवा संकल्प अभियान’ में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 500 बुजुर्गों का शॉल-श्रीफल से सम्मान

PTV BHARAT 02 OCTOBER 2026 – धमतरी : ‘सेवा संकल्प अभियान’ में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 500 बुजुर्गों का शॉल-श्रीफल से सम्मान – छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांधी जयंती और अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर धमतरी के मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने जिले के करीब 500 महिला एवं पुरुष वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

स्वामित्व प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण वितरित – मंत्री वर्मा ने विभिन्न हितग्राहीमूलक गतिविधियों के तहत 40 लोगों को स्वामित्व प्रमाण पत्र सौंपे। दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को व्हीलचेयर एवं आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

गोद भराई, पोषण किट और स्वास्थ्य जांच – राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट प्रदान की। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।

बुजुर्गों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक – मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका जीवन संघर्ष और अनुभव नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाता है। वरिष्ठजनों का सम्मान किसी एक आयोजन तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ‘अंत्योदय’ भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में धान खरीदी, महिलाओं के लिए ‘महतारी वंदन’ योजना और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

देहदान-अंगदान की सराहना, नशामुक्ति का आह्वान – मंत्री ने देहदान और अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की बड़ी ताकत है और उनकी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण, शिक्षा तथा सेवा में लगनी चाहिए।

वरिष्ठजनों के सम्मान को सामाजिक जिम्मेदारी बताया – जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने बुजुर्गों के मार्गदर्शन को समाज की बड़ी पूंजी बताया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने वरिष्ठजनों का सम्मान सामाजिक जिम्मेदारी बताया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति, जिला पंचायत सभापति, जनपद अध्यक्ष, डीएफओ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *