जीपीएम : अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती, रेत-पत्थर से भरे 6 वाहन जब्त

PTV BHARAT 02 OCTOBER 2026 – जीपीएम : अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती, रेत-पत्थर से भरे 6 वाहन जब्त – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर रेत एवं पत्थर का अवैध परिवहन करते 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया।

बस्ती-बगरा में रेत से भरे 4 ट्रैक्टर जब्त – खनिज विभाग के अनुसार बस्ती-बगरा क्षेत्र में रेत से भरे 4 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। वहीं सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर और अंडी क्षेत्र में रेत से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त कर अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।

खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई – विभाग द्वारा सभी संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।

अवैध गतिविधियों पर निगरानी के निर्देश – कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अमले को नियमित जांच करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा है।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *