मनेन्द्रगढ़ : सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने किया दिव्यांग विद्यालय का औचक निरीक्षण

PTV BHARAT 03 OCTOBER 2026 – मनेन्द्रगढ़ : सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने किया दिव्यांग विद्यालय का औचक निरीक्षण – सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती पर जिले के प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मनेन्द्रगढ़ स्थित एमसीबी जिला नेत्रहीन, विकलांग शिक्षण-प्रशिक्षण विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दिव्यांग बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवासीय सुविधाओं एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।

बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित, एक लाख रुपये की सहायता की घोषणा – बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साह से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने संस्था के संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बच्चों को साउंड सिस्टम बॉक्स तथा फल-फूल भी भेंट किए। साथ ही संस्था की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए।

स्वागत गीत और सुंदरकांड की चौपाइयों से किया अभिनंदन – विद्यालय पहुंचने पर नेत्रहीन बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बच्चों ने संगीत के साथ रामायण का पाठ और सुंदरकांड की चौपाइयां सुनाईं। इसके साथ ही जीव-जंतुओं की अलग-अलग आवाजें निकालकर अपनी विशेष प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिभा की अतिथियों ने सराहना की। मंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच आकर उनसे मिलने और चर्चा करने का अवसर उनके लिए भावुक एवं यादगार क्षण है।

प्राचार्य ने संस्था की समस्याओं से कराया अवगत – प्राचार्य संतोष चढ़ोकर ने संस्था की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने आर्थिक कठिनाइयों, शिक्षकों के वेतन में वृद्धि तथा बच्चों के भरण-पोषण के लिए मिलने वाली 600 रुपये की राशि बढ़ाने की मांग रखी।

पढ़ाई, भोजन और ब्रेल शिक्षा की ली जानकारी – मंत्री ने बच्चों की संख्या, उनके जिलों, शिक्षा एवं प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से भोजन व्यवस्था के बारे में सीधे जानकारी प्राप्त की और शिक्षकों से पढ़ाई के संबंध में चर्चा की। शिक्षकों ने बताया कि बच्चों को ब्रेल लिपि के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। मंत्री ने जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम को विद्यालय का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

‘आप किसी से भी पीछे नहीं हैं, अपनी प्रतिभा को बड़े मंच तक लेकर जाएं’ – प्रभारी मंत्री ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से साबित किया है कि वे किसी से पीछे नहीं हैं। पढ़ाई, संस्कृति, संगीत और रामायण-महाभारत के ज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में बच्चों ने प्रतिभा दिखाई है। उन्होंने बच्चों की संगीत प्रतिभा को बड़े मंच तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम टीम तैयार करने की बात कही।

मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश – मंत्री ने संस्था की समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाते हुए शौचालय, पेयजल, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा और संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों तक सुविधाएं पहुंचाना है और दिव्यांग बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना इसी सेवा भावना का हिस्सा है।

बच्चों की कला और आवाज बड़े मंच तक पहुंच सकती है – मंत्री ने कहा कि बच्चों की संगीत और गायन प्रतिभा संस्था तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनकी कला और आवाज में बड़े स्तर पर पहचान बनाने की क्षमता है। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा को उनकी ताकत बनाकर आगे बढ़ाने और उन्हें उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, पूर्व संसदीय सचिव चंपादेवी पावले, एसडीएम लिंगराज सिदार, तहसीलदार श्रुति धुर्वे, जिला संगठन प्रभारी एमसीबी बाबूलाल अग्रवाल, संस्कार अग्रवाल, प्राचार्य संतोष चढ़ोकर, शिक्षक राकेश गुप्ता, गोपाल तिवारी, रामनाथ, रामनारायण सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *