PTV BHARAT 09 OCTOBER 2026 – रायपुर : एनएचएआई की सख्त कार्रवाई, तेलीबांधा में अवैध एंट्री बंद – राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा अतिक्रमण एवं अनधिकृत प्रवेश मार्गों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रिंग रोड नंबर-1 पर तेलीबांधा स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास की अवैध एंट्री बंद कर दी गई है। वहीं, रिंग रोड के भाठागांव क्षेत्र में भी अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।
न्यायालयों के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई – सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालयों ने सार्वजनिक सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण और अनधिकृत प्रवेश मार्गों को हटाने की कार्रवाई लागू नियमों एवं संबंधित न्यायालयों के निर्देशों के अनुरूप की जाती है।
एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात सुगम बनाए रखना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। अनधिकृत प्रवेश मार्गों और अतिक्रमण के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि यातायात सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध रहे।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर पैचवर्क रिपेयरिंग जारी – सड़क की स्थिति बेहतर बनाए रखने और वाहन चालकों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एनएचएआई द्वारा पैचवर्क रिपेयरिंग कराई जा रही है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों की पहचान कर आवश्यक मरम्मत की जा रही है, ताकि सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
एनएचएआई द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने, अनधिकृत प्रवेश मार्गों पर नियंत्रण रखने और अवैध पार्किंग की समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अनधिकृत कट, अवैध पार्किंग और प्रवेश मार्गों का उपयोग न करें तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

