PTV BHARAT 14 OCTOBER 2026 – सुकमा : सूरज की रोशनी से रोशन हुआ घर, चार महीने से बिजली बिल शून्य
बस्तर संभाग के सुकमा जिले के पटनमपारा निवासी श्यामा मजूमदार के घर की बिजली जरूरतें अब सूरज की रोशनी से पूरी हो रही हैं। कभी हर महीने 300 से 500 रुपये तक बिजली बिल चुकाने वाले इस परिवार का पिछले चार महीनों से बिजली बिल शून्य आ रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर लगाए गए 3 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल ने परिवार को बिजली खर्च से बड़ी राहत दी है।
खास बात यह है कि घर की जरूरतें पूरी होने के बाद बची हुई बिजली भी बेकार नहीं जाती, बल्कि ग्रिड में पहुंचती है। इसके बदले उनके बिजली खाते में क्रेडिट जमा हो रहा है। इस तरह सौर ऊर्जा उनके परिवार के लिए बिजली बचत का प्रभावी माध्यम बन गई है।
सौर ऊर्जा से मिली बिजली खर्च से राहत
श्यामा मजूमदार बताती हैं कि पहले हर महीने बिजली बिल चुकाना घरेलू खर्च का नियमित हिस्सा था। सोलर पैनल लगने के बाद अब घर की बिजली जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं और मासिक बिल की चिंता काफी कम हो गई है।
घर में बिजली उत्पादन खपत से अधिक होने पर अतिरिक्त बिजली ग्रिड में चली जाती है। इससे बिजली खाते में क्रेडिट जमा होता है और परिवार को आर्थिक बचत का लाभ मिलता है।
1.08 लाख रुपये की सब्सिडी से सोलर पैनल लगवाना हुआ आसान
श्यामा मजूमदार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापित कराने के लिए कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सहायता शामिल है।
इस आर्थिक सहयोग से उनके लिए घर पर सोलर पैनल लगवाना आसान हुआ। अब वे सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरतें पूरी कर रही हैं और हर महीने बिजली खर्च में बचत का लाभ उठा रही हैं।
श्यामा मजूमदार का अनुभव दर्शाता है कि सौर ऊर्जा अपनाकर घरेलू बिजली खर्च कम किया जा सकता है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने में मदद कर रही है।

