PTV BHARAT 14 OCTOBER 2026 – दुर्ग : ट्रांसपोर्ट नगर में 105.85 लाख रुपये की लागत से बनेगी सीसी रोड, मंत्री गजेंद्र यादव ने किया भूमिपूजन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में अधोसंरचना विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में 105.85 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
आवागमन और परिवहन सुविधाओं में होगा सुधार
इस अवसर पर मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों को बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री यादव ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में सीसी रोड के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा परिवहन गतिविधियां भी सुगम होंगी।
उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर में नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े विभिन्न कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से शहर में बेहतर सड़क संपर्क और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।

