सूरजपुर : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर 12 घंटे में लटोरी पहुंची ALS एंबुलेंस

PTV BHARAT 14 OCTOBER 2026 – सूरजपुर : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर 12 घंटे में लटोरी पहुंची ALS एंबुलेंस

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लटोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सुविधा मिली है। मंत्री राजवाड़े ने आज सेवा संकल्प अभियान के तहत हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का निरंतर प्रयास है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो और जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सके।

उन्होंने कहा कि लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ALS एंबुलेंस की सुविधा मिलने से गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री के प्रति जताया आभार

मंत्री राजवाड़े ने एंबुलेंस की मांग पर त्वरित पहल कर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से लटोरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। जरूरत पड़ने पर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी।

घोषणा के 12 घंटे के भीतर उपलब्ध हुई एंबुलेंस

उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर को सूरजपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ALS एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की और इसके 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई।

कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, नूतन विश्वास, महेश्वर पैकरा, बीना गुप्ता, ठाकुर सिंह पैकरा, सुमित्रा राजवाड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *