PTV BHARAT 14 OCTOBER 2026 – कबीरधाम : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सहसपुर लोहारा कॉलेज को दी 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा की अधोसंरचना मजबूत करने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के शासकीय गजानंद माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा में 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में 15 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल और 5 लाख रुपये की लागत से बालिका शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की।
महाविद्यालय में आयोजित युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें अनुशासन, मेहनत तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग से अपना भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया।
अनुशासन और मेहनत से बनाएं भविष्य
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवा शक्ति संवाद में विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित करें, अनुशासन में रहें और परिणाम की चिंता छोड़कर मेहनत पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक सीखें, लेकिन उसके अधीन न हों। कॉलेज करियर निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने बताया कि कवर्धा क्षेत्र के स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जा रहे हैं। अब महाविद्यालयों में भी डिजिटल बोर्ड के माध्यम से पीएससी, एसएससी और यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
आधुनिक शिक्षा के साथ ज्ञान और कौशल बढ़ाना जरूरी
तकनीक और नवाचार पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युवाओं को चैटजीपीटी, क्लॉड, परप्लेक्सिटी जैसे आधुनिक एआई टूल्स और सोशल मीडिया की तकनीकी समझ होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से इन तकनीकों का सही उपयोग करने और इनका विशेषज्ञ बनने का आह्वान किया, न कि तकनीक को खुद पर हावी होने देने का।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक की समझ के साथ ज्ञान और कौशल बढ़ाना जरूरी है। मेहनत और तैयारी हमारे हाथ में हैं, इसलिए परिणाम की चिंता करने के बजाय प्रयासों पर ध्यान देना चाहिए। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और धैर्य से ही सफलता का रास्ता बनता है।
उप मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय को विद्यार्थियों का अपना संस्थान बताते हुए कहा कि जिस तरह दीपावली पर हम अपने घर को संवारते हैं, उसी तरह विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलकर कॉलेज को बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए।
अनुशासन को बताया सफलता की मजबूत नींव
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने विद्यार्थियों के यूनिफॉर्म में आने और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अनुशासन जीवन में आगे बढ़ने की मजबूत नींव है। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य और प्राध्यापकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने, अपनी रुचि पहचानने और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगरपालिका कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, साकम्बरी बोर्ड के सदस्य संतोष पटेल, लाला राम साहू, जनपद पंचायत लोहारा की अध्यक्ष दुर्गा ठाकुर, नगरपालिका लोहारा की अध्यक्ष सरिता मिश्रा, जिला पंचायत सभापति मनीराम साहू, नगरपालिका लोहारा के उपाध्यक्ष हेमंत साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित थे।

