रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने विशेष ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता इभानन साहू की सराहना की

PTV BHARAT 14 OCTOBER 2026 – रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने विशेष ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता इभानन साहू की सराहना की

राज्यपाल रमेन डेका से आज लोकभवन में विशेष ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता इभानन साहू ने मुलाकात की। ऑटिज्म से प्रभावित आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट, रायपुर के 22 वर्षीय छात्र इभानन ने हांगकांग में आयोजित स्पेशल ओलंपिक ईस्ट एशिया रीजनल बॉलिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है।

राज्यपाल डेका ने इभानन साहू की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इभानन को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की पहल भी की।

इभानन की सफलता अदम्य इच्छाशक्ति और मेहनत का उदाहरण

राज्यपाल ने कहा कि इभानन साहू की उपलब्धि अदम्य इच्छाशक्ति और कठोर परिश्रम का प्रेरणादायक उदाहरण है। उनकी सफलता छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट, रायपुर द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

संस्था को स्वेच्छानुदान से मिलेंगे 10 कंप्यूटर

राज्यपाल डेका ने संस्था के शैक्षणिक कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अपने स्वेच्छानुदान मद से 10 कंप्यूटर प्रदान करने की बात कही। इससे संस्था में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन धबलिया, निदेशक डॉ. साधना नायक, प्राचार्य प्रतिष्ठा शुक्ला, एच.एफ.ओ. नित्यानंद जैसवाल, इभानन की माता तेजश्री साहू तथा अन्य शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *