जशपुरनगर : 11.83 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, 40 बसों के ठहराव की होगी सुविधा

PTV BHARAT 14 OCTOBER 2026 – जशपुरनगर : 11.83 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, 40 बसों के ठहराव की होगी सुविधा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में यात्री सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक परिवहन अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री की पहल पर जिला मुख्यालय जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया जारी है। लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह आधुनिक बस टर्मिनल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर की परिवहन व्यवस्था को भी व्यवस्थित करेगा।

तीन एकड़ में बनेगा बस स्टैंड, 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था

जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है। लगभग तीन एकड़ में विकसित होने वाले इस टर्मिनल में एक साथ 35 से 40 बसों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। इससे बसों के आवागमन और ठहराव को व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।

जशपुर जिला मुख्यालय का बस स्टैंड जिले के प्रमुख परिवहन केंद्रों में शामिल है। यहां प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और पांच हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। यहां से जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लंबे समय से आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए बस स्टैंड के निर्माण से इस आवश्यकता को पूरा करने में मदद मिलेगी।

वेटिंग हॉल, लिफ्ट और डिजिटल सूचना स्क्रीन सहित मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड को यात्रियों की सुविधा और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, सुव्यवस्थित वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, लिफ्ट और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल सूचना स्क्रीन लगाने की भी योजना है।

बस स्टैंड परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को आवश्यक वस्तुएं और सेवाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। साथ ही स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। आधुनिक सुविधाओं से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को विशेष सहूलियत मिलेगी।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन होगा सुगम

जशपुरनगर जिला मुख्यालय होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, रोजगार और शासकीय कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं। आधुनिक बस स्टैंड बनने से इन यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। बसों के व्यवस्थित ठहराव और संचालन से शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में भी मदद मिलेगी।

नए बस टर्मिनल से जशपुरनगर की परिवहन अधोसंरचना मजबूत होगी और जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किए जा रहे हैं। जशपुरनगर के साथ कुनकुरी और पत्थलगांव में भी अत्याधुनिक बस स्टैंड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

इसी क्रम में बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।

जशपुरनगर में प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विकसित की जा रही परिवहन अधोसंरचना से आने वाले समय में यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *