PTV BHARAT 15 OCTOBER 2026 – रायगढ़ : छात्र कृष्ण अग्रवाल को राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में मिला तीसरा पुरस्कार
छत्तीसगढ़ के होनहार छात्र कृष्ण अग्रवाल ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। रायगढ़ जिले के जिंदल पब्लिक स्कूल के छात्र कृष्ण को नई दिल्ली में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता (NLEPC-2026) में उनके अभिनव प्रोजेक्ट ‘Flip Electric Iron For Child Safety’ के लिए तीसरा राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कृष्ण को बधाई दी।
राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को मिल रही पहचान
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कृष्ण अग्रवाल को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों में प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की अपार संभावनाएं हैं। कृष्ण ने अपने उपयोगी नवाचार के माध्यम से साबित किया है कि प्रदेश के विद्यार्थी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।
मंत्री यादव ने कृष्ण के साथ उनके अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को भी बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कृष्ण की सफलता छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर जोर
शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करने के साथ विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बच्चों को गर्म इलेक्ट्रिक प्रेस से बचाने के लिए विकसित किया मॉडल
छात्र कृष्ण अग्रवाल ने ‘Flip Electric Iron For Child Safety’ नामक अभिनव मॉडल विकसित किया है। इसका उद्देश्य घरों में इस्तेमाल होने वाली गर्म इलेक्ट्रिक प्रेस से छोटे बच्चों को जलने की दुर्घटनाओं से बचाना है।
इस मॉडल में ऑटो-फ्लिप तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे प्रेस को छोड़ने पर उसका गर्म हिस्सा ऊपर की ओर हो जाता है। इसमें 30 सेकंड में स्वतः बंद होने की सुविधा और चाइल्ड लॉक जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं भी शामिल हैं। कम लागत में तैयार यह मॉडल घरेलू सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी साबित हो सकता है।
80 हजार नवाचार विचारों में से शीर्ष 62 में हुआ चयन
छत्तीसगढ़ से प्रस्तुत लगभग 80 हजार नवाचार विचारों में कृष्ण अग्रवाल के मॉडल का चयन शीर्ष 62 नवाचारों में किया गया। उनके प्रोजेक्ट को इंस्पायर मानक-2026 के संकलन में भी स्थान मिला है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत से जुड़ी इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित किया जाता है। कृष्ण की यह उपलब्धि प्रदेश के युवा विद्यार्थियों के लिए विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करने की प्रेरणा है।

