PTV BHARAT 15 OCTOBER 2026 – सुकमा : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर एक कॉल से दूर हुआ गांव का अंधेरा, सात दिन में लगीं स्ट्रीट लाइटें
सुकमा जिले के कोकावाड़ा (जांगड़पाल) गांव के लोगों को वर्षों से रात में अंधेरे के कारण आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद ग्रामीणों को राहत मिली। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की गई और सात दिनों के भीतर पुसपाल-चितलनार मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगा दी गईं। इससे करीब 450 की आबादी वाले इस गांव के लोगों के लिए रात में आवागमन आसान हो गया है।
घने जंगलों के रास्ते पर रात में बना रहता था डर
छिंदगढ़ विकासखंड के पुसपाल-चितलनार मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रात में टॉर्च और वाहनों की हेडलाइट के सहारे आना-जाना पड़ता था। घने जंगलों से घिरे इस रास्ते पर सांप-बिच्छुओं का डर बना रहता था। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और आपात स्थिति में मरीजों को लाने-ले जाने में काफी परेशानी होती थी।
युवा की शिकायत पर सात दिनों में हुई कार्रवाई
गांव के युवा रितेश यादव ने समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। कलेक्टर अमित कुमार की निगरानी में सात दिनों के भीतर मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगा दी गईं।
रोशनी से ग्रामीणों को मिली राहत
सड़क पर स्ट्रीट लाइटें लगने से अब ग्रामीणों को रात में आने-जाने में सहूलियत मिल रही है। इस पहल से गांव के लोगों को वर्षों से चली आ रही परेशानी से राहत मिली है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत के त्वरित निराकरण से ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हुई है।

