PTV BHARAT 16 OCTOBER 2026 – सूरजपुर : जिला अस्पताल में 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जटिल कूल्हे की सर्जरी सफल
जिला अस्पताल सूरजपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयासों से 73 वर्षीय महिला की जटिल कूल्हे की सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह उपलब्धि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओड़गी निवासी 73 वर्षीय राजकुमारी बढ़ती उम्र के कारण दोनों कूल्हों के खराब होने की समस्या से पीड़ित थीं। उपचार के लिए वे जिला अस्पताल सूरजपुर के हड्डी रोग विभाग पहुंचीं, जहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू ने उनकी प्रारंभिक जांच और एक्स-रे कराया। जांच में दोनों कूल्हों के खराब होने की पुष्टि हुई। साथ ही, उनके शरीर में खून की कमी भी पाई गई।
उपचार के बाद सर्जरी के लिए तैयार की गईं मरीज
मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक सामग्री और उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए तत्काल पहल की गई। मरीज की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। वार्ड के नर्सिंग स्टाफ ने चिकित्सकों के निर्देशानुसार उनका उपचार किया।
स्वास्थ्य में सुधार होने और ऑपरेशन के लिए उपयुक्त स्थिति बनने के बाद निश्चेतना विभाग ने आवश्यक जांच की और सर्जरी की तिथि निर्धारित की। निर्धारित तिथि पर ऑपरेशन की सभी तैयारियां पूरी की गईं।
डॉ. अजय साहू ने बताया कि मामला काफी जटिल था, लेकिन पूरी टीम के समन्वय और सहयोग से सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर 2026 को भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन के सहयोग से सूरजपुर निवासी 60 वर्षीय राजकुमार का सफल ऑपरेशन किया गया था।
स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने कहा कि कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार जिला अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल की व्यवस्थाओं का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाता है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी बेहतर उपचार मिल सके और उन्हें इलाज के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि जिले के मरीजों को अधिक से अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें।
जिला अस्पताल में उपलब्ध हो रहीं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं
जिला अस्पताल सूरजपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, निश्चेतना विभाग और ऑपरेशन थिएटर टीम के संयुक्त प्रयासों से जटिल मामलों में भी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे जिले के मरीजों को अपने ही जिले में इलाज कराने का अवसर मिल रहा है और बड़ी सर्जरी के लिए दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता कम करने में मदद मिल रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के मरीजों को अपने ही जिले में बेहतर उपचार का लाभ मिल रहा है।

