PTV BHARAT 16 OCTOBER 2026 – सूरजपुर : महतारी वंदन योजना से हर माह की बचत, बेटी के सपनों को दे रहीं नया आधार
बेटी का भविष्य सुरक्षित हो, इसी सोच के साथ सूरजपुर जिले के ग्राम पर्री निवासी अंजू कुशवाहा हर महीने छोटी-छोटी बचत कर रही हैं। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता में से कुछ राशि वे अपनी बेटी के सुकन्या समृद्धि खाते में जमा करती हैं। नियमित बचत का उनका यह प्रयास बेटी के सपनों को साकार करने के लिए आज से ही तैयारी करने की प्रेरक मिसाल है।
घरेलू जरूरतों के साथ बेटी के भविष्य के लिए बचत
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि से अंजू कुशवाहा को घरेलू जरूरतें पूरी करने में मदद मिलती है। साथ ही, अब वे अपनी बेटी के भविष्य के लिए भी नियमित रूप से बचत कर पा रही हैं। वे बताती हैं कि घर के खर्चों के बीच बेटी के नाम पर अलग से रकम जमा करना पहले आसान नहीं था। योजना से मिलने वाली सहायता ने उन्हें भरोसा दिया है कि थोड़ी-थोड़ी बचत से भी भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सकता है।
अंजू अपनी सामर्थ्य के अनुसार हर महीने सुकन्या समृद्धि खाते में राशि जमा करती हैं। उनके लिए यह केवल बचत नहीं, बल्कि बेटी की पढ़ाई और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर उठाया गया कदम है। वे चाहती हैं कि उनकी बेटी बड़ी होकर अपने सपनों को पूरा कर सके और परिवार उसकी राह में मजबूती से साथ खड़ा रहे।
महतारी वंदन योजना से मिला आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक निर्णयों में अधिक भागीदारी का अवसर दे रही है। अंजू बताती हैं कि योजना की राशि से घर की आवश्यकताओं को पूरा करने में राहत मिलती है और बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का भरोसा भी बढ़ा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को स्नेहपूर्वक “विष्णु भैया” कहते हुए योजना के लिए आभार व्यक्त किया।
छोटी बचत से उज्ज्वल भविष्य की तैयारी
अंजू कुशवाहा की यह कहानी बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता का समझदारी से उपयोग कर परिवार की वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की तैयारी भी की जा सकती है। महतारी वंदन योजना से मिले आर्थिक संबल को सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर अंजू अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत कर रही हैं।

