धमतरी : मोंगरागहन में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 641 ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराया उपचार

PTV BHARAT 17 OCTOBER 2026 – धमतरी : मोंगरागहन में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 641 ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराया उपचार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत धमतरी जिले के ग्राम मोंगरागहन में एक दिवसीय विशाल निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा द्वारा आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के 641 ग्रामीणों ने पंजीयन कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क जांच, परामर्श, उपचार एवं दवाओं का लाभ लिया।

शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष धमतरी ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत स्वास्थ्य सभापति, जनपद सदस्य, मोंगरागहन एवं कोडेगांव के सरपंच, अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष, गंगरेल महामंत्री सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

स्वस्थ समाज के लिए गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच जरूरी

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के मेगा शिविरों से लोगों को घर के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श मिल जाता है। इससे गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो पाता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आर्थिक या भौगोलिक कारणों से इलाज में देरी न करें, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं तथा टीबी जैसी बीमारियों के प्रति सजग रहते हुए स्वच्छता और संतुलित जीवनशैली अपनाएं।

विभिन्न रोगों के 641 मरीजों को मिला स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के तहत 220 मरीजों का उपचार किया गया। नेत्र जांच के लिए पहुंचे 120 मरीजों में से 51 जरूरतमंदों को तत्काल निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

इसके अलावा दंत रोग के 83, आयुर्वेद चिकित्सा के 81, स्त्री रोग के 76, नाक-कान-गला रोग के 68, हड्डी रोग के 63 और शिशु रोग के 50 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई।

पैथोलॉजी जांच और बीपी परीक्षण की भी सुविधा

ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर ही पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था की गई थी। इसके अंतर्गत 109 मरीजों की शुगर, 102 की हीमोग्लोबिन, 100 की सिकलिंग, 15 की मलेरिया, 10 की ब्लड ग्रुप तथा 10 मरीजों की वीडीआरएल जांच की गई। सिकलिंग जांच में दो मरीज पॉजिटिव पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार और देखभाल के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

इसके साथ ही 315 मरीजों के रक्तचाप (बीपी) की जांच कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय बताए गए।

टीबी मुक्त पंचायतों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम में टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायत मोंगरागहन एवं अरौद डूबान के सरपंचों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतीक प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाली छह मितानिनों को प्रशस्ति पत्र सौंपे गए। वहीं, दो टीबी मरीजों को पोषण आहार किट (फूड बास्केट) और पांच ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम का सराहनीय योगदान

इस आयोजन को सफल बनाने में हड्डी रोग विशेषज्ञ, खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, खंड प्रशिक्षण अधिकारी तथा ग्रामीण चिकित्सा सहायकों सहित पूरे स्वास्थ्य अमले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *