कबीरधाम : देवी पंडाल बने जनसमस्या निवारण के केंद्र, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मां दुर्गा के चरणों में बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

PTV BHARAT 17 OCTOBER 2026 – कबीरधाम : देवी पंडाल बने जनसमस्या निवारण के केंद्र, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मां दुर्गा के चरणों में बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर देवी पंडालों और मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। ग्राम मढ़मढ़ा में देवी पंडाल जनसमस्या निवारण के केंद्र के रूप में सामने आया, जहां उप मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी मांगों पर विकास कार्यों की घोषणा की।

मढ़मढ़ा में सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य निर्माण कार्यों की घोषणाएं

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा ग्रामीण मंडल के ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और पंडाल में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं।

ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रुपये, वीबी जीरामजी के अंतर्गत मुक्तिधाम में शेड निर्माण तथा पटेल समाज भवन में किचन शेड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 9 में 6 लाख 50 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण और दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा की।

ग्राम की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्यों की भी घोषणा की गई।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ग्राम मैनपुरी पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्गा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

नेवरीगुड़ा में 36 देवी-देवताओं, 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम की झांकियों के किए दर्शन

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम नेवरीगुड़ा पहुंचकर नवरात्रि के अवसर पर स्थापित प्रसिद्ध मां दुर्गा पंडाल में दर्शन किए। यहां छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम के साथ अयोध्या के भगवान श्रीराम तथा भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। उन्होंने इन धार्मिक झांकियों का अवलोकन किया और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।

ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने नेवरीगुड़ा में सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण तथा शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।

सूरजपुरा के प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर में की पूजा-अर्चना

अपने प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचे और देवी दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने ग्रामीण प्रवास के दौरान धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ जनसंपर्क को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने विभिन्न गांवों में नागरिकों से सीधे संवाद कर स्थानीय आवश्यकताओं और जनसमस्याओं की जानकारी ली। नवरात्रि के अवसर पर देवी दर्शन के साथ ग्रामीणों की मांगों के अनुरूप सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की घोषणाएं उनके प्रवास की प्रमुख गतिविधियां रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *