PTV BHARAT 19 OCTOBER 2026 – जगदलपुर : समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें, नहीं तो होगी कार्रवाई : प्रमुख अभियंता केके कटारे
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-1 के अंतर्गत शेष रह गए अपूर्ण कार्यों को गति देने और निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, रायपुर के प्रमुख अभियंता केके कटारे ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भारत सरकार द्वारा पीएमजीएसवाई फेज-1 के अपूर्ण कार्यों को पूरा करने के लिए मार्च 2027 की अंतिम समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसी क्रम में बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, सुकमा एवं बीजापुर जिलों में प्रगतिरत कार्यों की सड़कवार गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रमुख अभियंता ने संभाग के कुल 125 अपूर्ण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। इनमें 83 पूर्व अनुबंधित और 42 नवीन अनुबंधित कार्य शामिल हैं। इन सभी कार्यों के लिए माहवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए मार्च 2027 तक समस्त निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख अभियंता केके कटारे ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही और देरी होने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधीक्षण अभियंता द्वारिका प्रसाद भुआर्य, कार्यपालन अभियंता रवींद्र ताती, वैभव देवांगन, रूपेन्द्र भुआर्य, अनिल बरेठ सहित संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।

