PTV BHARAT 19 OCTOBER 2026 – बालोद : गन्ने के समर्थन मूल्य में वृद्धि से मनोहर लाल सिन्हा के जीवन में आई मिठास
शासन द्वारा कृषि और कृषकों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे निर्णयों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। गन्ने के समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि ने जिले के गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर उनके चेहरों पर विश्वास की चमक ला दी है। जिले के ग्राम सोहतरा के कृषक मनोहर लाल सिन्हा की सफलता की कहानी बताती है कि शासन की नीतियों से किसानों की मेहनत को किस प्रकार प्रोत्साहन मिल रहा है।
शक्कर कारखाने की स्थापना से लगातार कर रहे गन्ने की खेती, दूसरे किसानों को भी कर रहे प्रेरित
ग्राम सोहतरा निवासी मनोहर लाल सिन्हा ने बताया कि जब से क्षेत्र में शक्कर कारखाना स्थापित हुआ है, तब से वे लगातार गन्ने की खेती करते आ रहे हैं। उन्होंने कभी गन्ने की खेती से नाता नहीं तोड़ा। उनका हमेशा से दृढ़ संकल्प रहा है कि वे गन्ने की फसल ही लेंगे। वे अपने साथी कृषकों को भी गन्ने की खेती के लिए प्रेरित करते हुए कहते हैं कि गन्ने की खेती में वास्तव में काफी संभावनाएं हैं।
धान की तुलना में कम मेहनत और अपेक्षाकृत सुरक्षित फसल
गन्ने की खेती के फायदे बताते हुए मनोहर लाल सिन्हा ने कहा कि एक बार बुआई करने के बाद इसमें मुख्य रूप से तीन से चार महीने ही मेहनत करनी पड़ती है। इसके बाद अगले छह महीने तक फसल को बहुत अधिक देखरेख की आवश्यकता नहीं होती। कटाई के समय गन्ना सीधे खेत से कारखाने पहुंच जाता है और किसानों के खाते में समय पर भुगतान आ जाता है।
उन्होंने धान की खेती से तुलना करते हुए बताया कि धान में माहू, कटवा और उकसा जैसी बीमारियों एवं कीटों का लगातार खतरा बना रहता है। ऐसी स्थिति में एक चूक से पूरी फसल बर्बाद हो सकती है। वहीं, गन्ने की फसल प्राकृतिक रूप से अधिक मजबूत होती है और विपरीत परिस्थितियों को भी सहन कर लेती है, जिससे नुकसान का जोखिम अपेक्षाकृत कम रहता है।
बढ़े हुए मूल्य से घाटे की आशंका कम, किसानों को राहत
मनोहर लाल सिन्हा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गन्ने के मूल्य में की गई वृद्धि से किसानों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि जिस खेती में पहले घाटे की आशंका दिखाई दे रही थी, अब मूल्य बढ़ने से किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाली दीपावली वे अपने परिवार और बच्चों के साथ उल्लास एवं प्रसन्नता से मनाएंगे।
कृषक मनोहर लाल सिन्हा ने किसानों की समस्याओं और कठिनाइयों को समझते हुए गन्ने के मूल्य में वृद्धि का निर्णय लेने पर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी कर अन्नदाताओं का भरोसा और आत्मसम्मान बढ़ाया है।

