उत्तर बस्तर कांकेर : रावघाट तक रेल पहुंचने से ग्रामीणों के सपनों को मिले पंख, पहली बार ट्रेन में सफर कर खिले चेहरे

PTV BHARAT 21 OCTOBER 2026 – उत्तर बस्तर कांकेर : रावघाट तक रेल पहुंचने से ग्रामीणों के सपनों को मिले पंख, पहली बार ट्रेन में सफर कर खिले चेहरे

रावघाट तक रेल सेवा शुरू होना बस्तर अंचल के ग्रामीणों के लिए केवल आवागमन का नया साधन नहीं, बल्कि वर्षों से देखे जा रहे सपनों के साकार होने जैसा है। दुर्गम और पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे इस क्षेत्र में रेल पहुंचने से ग्रामीणों को कम खर्च में यात्रा करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसरों तक पहुंचने की उम्मीद जगी है। कल तक जिन लोगों के लिए ट्रेन को नजदीक से देखना भी उत्सुकता का विषय था, वे अब उसी ट्रेन में बैठकर अपने गंतव्य तक सफर कर रहे हैं। पहली बार रेल यात्रा करने वाले ग्रामीणों की खुशी इस बदलाव की सबसे सुंदर तस्वीर पेश करती है।

रेल सेवा शुरू होने से रावघाट क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। आबूझमाड़ क्षेत्र के रावघाट तक ट्रेन पहुंचना बस्तर अंचल में विकास, संपर्क और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पहली बार ट्रेन में बैठीं तीन सहेलियां, चेहरों पर दिखी खुशी

विकासखंड अंतागढ़ के ग्राम फूलपाड़ निवासी प्रेमबती गावड़े, बज्जय कौड़ो और सईते नुरेटी ने पहली बार ट्रेन में सफर किया। डेमो टिकट लेकर अंतागढ़ तक यात्रा करने वाली तीनों सहेलियों ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि ट्रेन में बैठकर सफर करना उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। इसी तरह कुमारी समीना कावड़े ने भी पहली बार रेल यात्रा की और इस नए अनुभव पर खुशी जाहिर की। इन महिलाओं के लिए यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में पहली बार रेल सफर करने की यादगार अनुभूति भी रही।

ग्रामीणों का सपना हुआ साकार, अब कम खर्च में कर सकेंगे सफर

रावघाट से लगे ग्राम आतुरबेड़ा निवासी सोनू उसेंडी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हम रावघाट से लगे हुए गांव के रहने वाले हैं। हमारे लिए ट्रेन में बैठना किसी सपने के सच होने जैसा है। हमारे गांव के कई लोगों ने पहले कभी ट्रेन को करीब से नहीं देखा था, लेकिन आज वे इसमें सफर कर पा रहे हैं। हम सभी ग्रामीण बस में बैठकर ट्रेन देखने आए थे और अब हमें इसमें यात्रा करने का अवसर भी मिल रहा है।”

उन्होंने कहा कि रेल सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को इलाज के लिए दूसरे शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वे कम खर्च में यात्रा कर सकेंगे और परिवहन पर होने वाले खर्च में भी बचत होगी। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

छात्राओं को मिलेगी बड़े शहरों तक पहुंचने की नई राह

रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों में भी उत्साह है। ग्राम ताड़ोकी निवासी कक्षा नौवीं की छात्रा गायत्री नुरेटी और नारायणपुर निवासी कक्षा नौवीं की छात्रा मीनाक्षी उसेंडी ने भी पहली बार ट्रेन में सफर किया। दोनों छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने क्षेत्र से बड़े शहरों तक जाने का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे आगे की पढ़ाई के लिए नए विकल्प तलाशने और भविष्य में बेहतर शैक्षणिक अवसरों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। रेल सेवा से दूरियां कम होने के साथ ही विद्यार्थियों के सपनों को भी नई उड़ान मिलने की उम्मीद है।

सोशल मीडिया क्रिएटर भी रेल यात्रा का अनुभव लेने पहुंचे

अंदरूनी क्षेत्र के ग्राम भैंसगांव निवासी रूपेश सलाम सोशल मीडिया पर कॉमेडी कंटेंट बनाते हैं। रावघाट से रेल सेवा शुरू होने की जानकारी मिलने पर वे अपने दोस्तों के साथ यहां पहुंचे और ट्रेन में सफर किया। उनके लिए यह एक नया और यादगार अनुभव रहा। रूपेश और उनके दोस्तों ने भी इस अवसर का लाभ उठाते हुए रेल यात्रा की और इस खास पल को यादगार बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *