PTV BHARAT 21 OCTOBER 2026 – कवर्धा : कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर ग्राम नंदनी-कुमान में घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण एवं सर्वे
कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्राम नंदनी-कुमान में घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं सर्वे किया। अभियान के तहत गांव के प्रत्येक बच्चे के स्वास्थ्य की जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की बीमारी, कुपोषण अथवा शारीरिक कमजोरी के लक्षण पाए जाने पर समय रहते आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन करते हुए उनकी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति की जानकारी प्राप्त करना, संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान करना तथा जरूरत के अनुसार उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर सागर सिंह राज, शिल्पा देवांगन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे ने क्षेत्र की मितानिनों, स्वास्थ्यकर्मियों और ग्रामवासियों के साथ चर्चा की। उन्होंने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।

