गरियाबंद : कलेक्टर रणबीर शर्मा ने ली राजनीतिक दलों की बैठक, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा की

PTV BHARAT 21 OCTOBER 2026 – गरियाबंद : कलेक्टर रणबीर शर्मा ने ली राजनीतिक दलों की बैठक, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा की

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के संबंध में चर्चा की गई।

कलेक्टर शर्मा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों और प्रत्येक व्यक्ति के लिए समानता सर्वोपरि है। निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुरूप किए जाने चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की जानकारी राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र मतदाताओं को अपने नाम की जांच करने और आवश्यक सुधार कराने में सुविधा हो।

कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए आवश्यक है। इसके लिए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने, अपात्र प्रविष्टियों की नियमानुसार जांच करने तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटियों के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए प्राप्त आवेदनों एवं दावा-आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करने और पात्र नागरिकों को पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी देने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि मतदाता सूची से संबंधित जानकारी आम नागरिकों को सहज रूप से उपलब्ध कराई जाए और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषा ठाकुर सहित निर्वाचन से संबंधित अधिकारी एवं जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *