PTV BHARAT 21 OCTOBER 2026 – गरियाबंद : पुलिस ग्राउंड में 2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय गरियाबंद के पुलिस ग्राउंड में आयोजित होने वाले एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच निर्माण, विद्युत एवं साउंड सिस्टम, लाइटिंग, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा, वीआईपी एवं मीडिया के लिए बैठक व्यवस्था, कलाकारों के ठहरने, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर और जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर उपस्थित थे।
राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में 2 नवंबर को एक दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाकर विभागीय उपलब्धियों, महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी की मुख्य थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” रखी गई है।
कलेक्टर शर्मा ने कहा कि आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शालीन एवं गरिमामय बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के अभद्र प्रदर्शन से बचने के निर्देश दिए।
1 से 3 नवंबर तक शासकीय भवनों में होगी रोशनी
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 नवंबर से 3 नवंबर 2026 तक जिला मुख्यालय स्थित शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा निजी संस्थानों को भी अपने भवनों में रोशनी करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, पंकज डाहिरे, एसडीएम हितेश्वरी बाघे, एसडीओपी निशा सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

