बलौदाबाजार : ‘जाबो’ कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान, मानव श्रृंखला से बनाया स्वीप संदेश

PTV BHARAT 22 OCTOBER 2026 – बलौदाबाजार : ‘जाबो’ कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान, मानव श्रृंखला से बनाया स्वीप संदेश

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिले में ‘जाबो’ (जाग वोटर) कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मिनीमाता शासकीय कन्या महाविद्यालय, बलौदाबाजार में मानव श्रृंखला के माध्यम से स्वीप संदेश निर्माण, रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य जारी है। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से महाविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए किया जा रहा जागरूक

‘जाबो’ कार्यक्रम के तहत शासकीय कार्यालयों एवं अशासकीय संगठनों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसके अंतर्गत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने नाम के साथ परिवार के सभी सदस्यों के नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज होने की पुष्टि करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यदि किसी सदस्य का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

इसी प्रकार, नाम या अन्य प्रविष्टियों में त्रुटि होने पर निर्वाचक नामावली में संशोधन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ मतदान प्रक्रिया में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

इसके लिए निबंध, वाद-विवाद, नारा लेखन और रंगोली जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, त्रुटियों में संशोधन कराने तथा आवश्यकतानुसार नाम विलोपित कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *