महासमुंद : 2 नवंबर को मिनी स्टेडियम में होगा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन

PTV BHARAT 22 OCTOBER 2026 – महासमुंद : 2 नवंबर को मिनी स्टेडियम में होगा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन

छत्तीसगढ़ शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर राज्योत्सव 2026 का आयोजन जिला मुख्यालय महासमुंद में भव्य रूप से किया जाएगा। यह कार्यक्रम 2 नवंबर 2026 को मिनी स्टेडियम, शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला अधिकारियों ने आज शाम मिनी स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को राज्योत्सव के आयोजन के लिए तत्काल आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करने तथा आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्योत्सव के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी।

इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, एसडीएम अक्षा गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

विभागों को सौंपी गई आयोजन की जिम्मेदारियां

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कार्यक्रम के सफल संचालन और समुचित व्यवस्थाओं के लिए जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस विभाग कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालेगा। वन विभाग को बैरिकेडिंग के लिए बांस-बल्ली की व्यवस्था का दायित्व दिया गया है। जिला पंचायत की एनआरएलएम शाखा और लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को मंच निर्माण, पंडाल, बैठक व्यवस्था एवं प्रदर्शनी लेआउट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विद्युत विभाग निरंतर विद्युत आपूर्ति और जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। नगरपालिका परिषद महासमुंद द्वारा अस्थायी एवं चलित शौचालय, स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा, ओआरएस, स्ट्रेचर एवं वार्ड बॉय की व्यवस्था करेगा। उद्यानिकी विभाग मंच सजावट का दायित्व संभालेगा।

राज्योत्सव के दौरान शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी होगी आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव के दौरान मिनी स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, मत्स्य, उद्योग, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन, खाद्य, श्रम, परिवहन और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभाग अपने स्टॉल के माध्यम से शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, सफल परियोजनाओं और जिले की उपलब्धियों का प्रदर्शन करेंगे।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वीआईपी, मीडिया और आम जनता के बैठने की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आयोजन की तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *