PTV BHARAT 22 OCTOBER 2026 – रायपुर : नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में 25 वर्षीय मादा हिमालयन भालू ‘फफोरी’ की मौत
नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू एवं जंगल सफारी से दुखद खबर सामने आई है। यहां रह रही 25 वर्षीय मादा हिमालयन भालू ‘फफोरी’ की 19 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि में मौत हो गई। सफारी प्रबंधन के अनुसार, उसकी मृत्यु का कारण बढ़ती उम्र है।
गुवाहाटी से रायपुर लाई गई थी फफोरी
जंगल सफारी प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, फफोरी को वर्ष 2012 में वन्यप्राणी आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत असम के गुवाहाटी स्थित चिड़ियाघर से रायपुर लाया गया था। उस समय उसकी उम्र 12 वर्ष थी। इसके बाद से वह नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में रह रही थी।
विधिवत प्रक्रिया के बाद किया गया अंतिम संस्कार
नंदनवन जू के हिमालयन भालू बाड़े में फफोरी की मृत्यु के बाद वन्यप्राणी चिकित्साधिकारी ने नियमानुसार उसका पोस्टमार्टम किया। इसके बाद सफारी प्रबंधन और वन्यजीवों की देखभाल से जुड़े कर्मचारियों की उपस्थिति में उसे श्रद्धांजलि अर्पित की गई और विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान नंदनवन जू एवं जंगल सफारी के संचालक-सह-वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, सहायक संचालक सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पशुपालक और सुरक्षा कर्मचारी उपस्थित रहे।
फफोरी के निधन पर जंगल सफारी प्रबंधन और उसकी देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। नंदनवन जू एवं जंगल सफारी प्रबंधन के अनुसार, वन्यजीवों की नियमित देखभाल, स्वास्थ्य निगरानी और संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं।

