PTV BHARAT 22 OCTOBER 2026 – धमतरी : माटी में रोजगार से श्रमिक परिवारों को मिला आर्थिक संबल, पलायन पर लग रहा अंकुश
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में आजीविका संवर्धन और आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘वीबी-जी राम जी योजना’ धमतरी जिले के गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के माध्यम से जहां जल संरक्षण और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, वहीं स्थानीय श्रमिकों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराकर आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा
धमतरी जिले के चारों विकासखंडों धमतरी, कुरुद, मगरलोड और नगरी में योजना के अंतर्गत विभिन्न निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आजीविका डबरी, निजी एवं सामुदायिक तालाबों का निर्माण किया जा रहा है। इन संरचनाओं से वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिल रहा है।
इसके साथ ही जल स्रोतों में सैंड फिल्टर के निर्माण से जल प्रबंधन को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों में स्वच्छता और गरिमा को प्राथमिकता देते हुए छात्राओं की सुविधा के लिए बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नालियों की सफाई और गहरीकरण का कार्य भी निरंतर जारी है। इसके अलावा, ग्रामीणों को आवश्यक सामुदायिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गांवों में मुक्तिधाम शेड का निर्माण किया जा रहा है।
श्रमिकों को नियमित रोजगार से मिल रही राहत
वीबी-जी राम जी योजना ग्रामीण श्रमिक परिवारों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक हो रही है। विभिन्न निर्माण कार्यों में स्थानीय श्रमिकों को नियोजित किए जाने से उन्हें अपने क्षेत्र में ही काम मिल रहा है। इससे रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों या शहरों की ओर होने वाले पलायन को कम करने में मदद मिल रही है।
योजना के अंतर्गत प्रतिदिन 300 रुपये की निर्धारित मजदूरी और नियमानुसार समय पर भुगतान से श्रमिक परिवारों को अपने दैनिक खर्चों तथा बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिल रही है। इस प्रकार योजना रोजगार और ग्रामीण विकास को एक साथ जोड़ते हुए गांवों में उपयोगी एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा दे रही है।
गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण करना और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर सृजित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि निर्मित परिसंपत्तियों का दीर्घकालिक लाभ ग्रामीणों को मिल सके।
जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर प्रशासनिक निगरानी रखी जा रही है, ताकि स्वीकृत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों और श्रमिकों को उनकी मजदूरी का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जा सके।
योजना से वर्तमान में रोजगार प्राप्त कर रहे श्रमिकों के साथ-साथ भविष्य में इन सुविधाओं का उपयोग करने वाले ग्रामीण परिवारों को भी लाभ मिलेगा। धमतरी जिले में वीबी-जी राम जी योजना का क्रियान्वयन ग्रामीण स्वावलंबन, रोजगार सृजन और समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

