PTV BHARAT 22 OCTOBER 2026 – कोरबा : उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बरेठ समाज को दी 15 लाख रुपये के सामुदायिक भवन की सौगात, 96.76 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
कोरबा में वार्ड क्रमांक 15 के अंतर्गत जीटी हॉस्टल, सीएसईबी के नहर पुल के समीप बरेठ समाज की मांग पर डीएमएफ मद से 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। वहीं, वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया एवं आसपास के क्षेत्रों में 81.76 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बीते पौने तीन वर्षों में कोरबा शहर के विभिन्न समाजों की मांगों के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। लगभग 60 समाजों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बरेठ समाज को नए सामुदायिक भवन की सुविधा मिली है, वहीं कहरा समाज के लिए भी विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की जा रही है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कोरबा में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। बीते तीन वर्षों में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। प्रयास है कि स्वीकृत कार्य जल्द से जल्द धरातल पर उतरें और आम नागरिकों को उनका लाभ मिले। उन्होंने बताया कि आगामी एक से दो महीनों में 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत की जाएगी।
इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
लोकार्पण के तहत वार्ड क्रमांक 15 में जीटी हॉस्टल, सीएसईबी के नहर पुल के समीप बरेठ समाज के लिए 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन शामिल है।
वहीं, भूमिपूजन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया में 48.61 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण एवं विकास कार्य, 6.60 लाख रुपये की लागत से पचरी निर्माण, वार्ड क्रमांक 18 के बावापारा कोहड़िया में 6.57 लाख रुपये की लागत से पचरी निर्माण तथा सामुदायिक भवन के समीप 9.98 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक, शेड एवं अतिरिक्त विकास कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त कहरा मोहल्ला सामुदायिक भवन के समीप 10 लाख रुपये की लागत से शौचालय, किचन शेड एवं सांस्कृतिक मंच का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने की। नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

