PTV BHARAT 23 OCTOBER 2026 – अंबिकापुर : सांसद चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों से किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का आह्वान, राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ
सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में आज से चार दिवसीय 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का रंगारंग आगाज हुआ। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल) के मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के मुख्य आतिथ्य में हुआ। सांसद ने बास्केट में गेंद डालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शुभारंभ समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, पारंपरिक गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
खेलों से होता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास
इस अवसर पर सांसद चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने, निरंतर अभ्यास करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की भावना भी मजबूत होती है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं।
सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी 215 छात्र और 245 छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ स्पर्धाओं में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि हार-जीत जीवन का अभिन्न हिस्सा है। बेहतर खिलाड़ी वही है, जो खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है।
चार खेलों की विभिन्न वर्गों में होंगी प्रतियोगिताएं
चार दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस की स्पर्धाएं विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत 19 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की फुटबॉल, 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की बास्केटबॉल तथा 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
इस आयोजन में विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और भविष्य की बड़ी खेल स्पर्धाओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिल रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, महापौर मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए निरंतर अभ्यास करने का आह्वान किया।
महापौर मंजूषा भगत ने विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों से जोड़ते हुए अपने शहर और गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत अपने घर और आसपास के क्षेत्रों से होती है। विद्यार्थियों को अपने परिवेश को स्वच्छ रखने के साथ दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने का दिया आश्वासन
कलेक्टर अजीत वसंत ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण और अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा निखारने, खेल संस्कृति को समृद्ध बनाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।
उन्होंने सरगुजा पहुंचे सभी संभागों के खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम में मेजर अनिल सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संयुक्त संचालक शिक्षा, जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

