रायपुर : नारायणपुर में रेशम की चमक, मल्बरी ककून उत्पादन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूह की 2.12 लाख रुपये की कमाई

PTV BHARAT 23 OCTOBER 2026 – रायपुर : नारायणपुर में रेशम की चमक, मल्बरी ककून उत्पादन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूह की 2.12 लाख रुपये की कमाई

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत नारायणपुर जिले की ग्रामीण महिलाओं ने अपनी मेहनत और इच्छाशक्ति से सफलता की नई इबारत लिखी है। जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों से यहां की ग्रामीण महिलाएं रेशम कीट पालन और मल्बरी ककून उत्पादन के जरिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। शासकीय रेशम केंद्र में संचालित इस पहल से महिला स्व-सहायता समूहों की न केवल आमदनी बढ़ी है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है।

1,775 कृमि अंडों से मिला 733 किलो से अधिक ककून

वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान शासकीय रेशम केंद्र में मल्बरी (शहतूत) कृमिपालन योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूह की 12 महिलाओं ने सक्रिय रूप से यह कार्य संभाला है। इस अवधि में कुल 1,775 कृमि अंडों के बैच का पालन किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 733.495 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले मल्बरी ककून का उत्पादन हुआ। उत्पादित ककून के विक्रय से समूह को 2 लाख 12 हजार 713 रुपये की आय प्राप्त हुई है। इस अतिरिक्त आय से समूह की महिलाओं के परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

वर्षभर रोजगार और आगे की तैयारी

रेशम केंद्र में महिलाओं को केवल ककून उत्पादन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उन्हें केंद्र के रखरखाव और कृषि कार्यों, जैसे निंदाई-गुड़ाई, से भी जोड़ा गया है। इससे महिलाओं को वर्षभर नियमित रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

रेशम विभाग की आगामी कार्ययोजना के तहत जनवरी-फरवरी 2027 में मल्बरी ककून उत्पादन का अगला चरण भी प्रस्तावित है। इससे महिलाओं को भविष्य में भी निरंतर आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की मिसाल

यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का बेहतरीन उदाहरण बन रही है। विभागीय सहयोग और महिलाओं की सामूहिक भागीदारी यह साबित कर रही है कि ग्रामीण अंचलों में भी संसाधनों का सही उपयोग कर स्वरोजगार के बेहतर अवसर तैयार किए जा सकते हैं। इससे महिलाओं को रोजगार के लिए पलायन करने या अन्य स्थानों पर निर्भर रहने की आवश्यकता कम करने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *