कोरबा : प्रमुख सड़कों के डामरीकरण कार्य का शुभारंभ, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया निरीक्षण

PTV BHARAT 24 OCTOBER 2026 – कोरबा : प्रमुख सड़कों के डामरीकरण कार्य का शुभारंभ, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया निरीक्षण

कोरबा शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए डामरीकरण कार्य शनिवार से प्रारंभ हो गया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने कार्यस्थल पर पहुंचकर डामरीकरण कार्यों का अवलोकन एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

20 प्रमुख मार्गों के लिए 24 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण कार्यों के लिए करीब 24 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन विकास कार्यों का भूमिपूजन 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर किया गया था। इसके बाद शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर डामरीकरण कार्य शुरू हुआ।

गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उद्योग मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी स्वीकृत डामरीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने निर्माण कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने और आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर नगर निगम के अधीक्षण अभियंता, प्रभारी कार्यपालन अभियंता, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, चंद्रलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *