PTV BHARAT 24 OCTOBER 2026 – बालोद : ‘सेवा सेतु’ केंद्र से दिलीप कुमार को एक दिन में मिला जाति प्रमाण पत्र
आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का त्वरित और पारदर्शी लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा सेतु’ केंद्र जमीनी स्तर पर प्रभावी साबित हो रहा है। इसके माध्यम से नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। बालोद जिले के ग्राम मुल्लेगुड़ा निवासी दिलीप कुमार को भी इसका लाभ मिला। उन्हें मात्र एक दिन के भीतर जाति प्रमाण पत्र तैयार कर प्रदान कर दिया गया।
एक दिन में पूरी हुई प्रक्रिया, लंबे इंतजार से मिली राहत
हितग्राही दिलीप कुमार ने बताया कि विभिन्न आवश्यक कार्यों और योजनाओं का लाभ लेने के लिए उन्हें जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पहले प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था और बार-बार कार्यालयीन प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता था।
लेकिन सेवा सेतु केंद्र में दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद संबंधित अमले ने तत्परता से आवेदन का सत्यापन किया और मात्र एक दिन के भीतर उनका जाति प्रमाण पत्र तैयार कर सौंप दिया।
समयबद्ध सेवा से शासन-प्रशासन के प्रति बढ़ा विश्वास
एक ही दिन में बिना किसी परेशानी के प्रमाण पत्र मिलने पर दिलीप कुमार ने खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि इस त्वरित पहल से न केवल उनके समय और धन की बचत हुई, बल्कि शासकीय व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हुआ है। सेवा सेतु के माध्यम से सुशासन की परिकल्पना साकार हो रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को राहत मिल रही है।
सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से त्वरित समाधान मिलने और एक दिन में जाति प्रमाण पत्र जारी होने पर दिलीप कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आम जनता को सुलभ और पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की यह पहल सराहनीय है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी अपने निकट ही समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

