PTV BHARAT 26 OCTOBER 2026 – बलौदाबाजार-भाटापारा : आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने खंडुआ में सिंचाई नाली निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, श्रमिकों से किया सीधा संवाद
वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वीबी-जी रामजी के आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने रविवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के प्रवास के दौरान जनपद पंचायत सिमगा की ग्राम पंचायत खंडुआ में संचालित कच्ची सिंचाई नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर नियोजित श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और योजना के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली।
श्रमिकों से मजदूरी भुगतान और रोजगार की उपलब्धता पर चर्चा
आयुक्त सिन्हा ने श्रमिकों से मजदूरी भुगतान, रोजगार की उपलब्धता तथा कार्यस्थल पर मिलने वाली सुविधाओं और समस्याओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने श्रमिकों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को उनकी मांग के अनुरूप स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि उन्हें आजीविका के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर न रहना पड़े।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता पर जोर
निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिन्हा ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों में अधिक से अधिक श्रमिकों का नियोजन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध पूर्णता और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि निर्मित परिसंपत्तियों का ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

