PTV BHARAT 26 OCTOBER 2026 – अंबिकापुर : हार-जीत से किसी की काबिलियत कम नहीं होती, खेल में भाग लेना भी बड़ी उपलब्धि: महापौर मंजूषा भगत
खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का समापन सोमवार को अंबिकापुर में हुआ। 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में महापौर मंजूषा भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 404 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में महापौर ने विभिन्न खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महापौर मंजूषा भगत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में हार-जीत लगी रहती है। खेल प्रतियोगिता में शामिल होकर खेलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और काबिलियत के दम पर यहां तक पहुंचे हैं। हार और जीत का अंतर किसी की काबिलियत को कम नहीं करता। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
महापौर ने छात्र-छात्राओं को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी मेहनत करें और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने राज्य, विद्यालय, शिक्षकों और माता-पिता का नाम रोशन करें।
विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों के अनुसार, बैडमिंटन के 17 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा।
बैडमिंटन के 19 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 19 वर्ष बालिका वर्ग में बस्तर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा।
बास्केटबॉल के 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर ने प्रथम, दुर्ग ने द्वितीय और सरगुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
फुटबॉल के 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा।
सॉफ्ट टेनिस की विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 14 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालक वर्ग में भी बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा। वहीं, 19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।
सॉफ्ट टेनिस के 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा। 19 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा।
ओवरऑल चैंपियनशिप में रायपुर प्रथम
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की ओवरऑल रैंकिंग में रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दुर्ग दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहा। सरगुजा ने चौथा तथा बस्तर ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समापन समारोह में खेल गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। होली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने पश्चिम बंगाल की पारंपरिक वेशभूषा में बंगाली गीतों और वहां की संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
उर्सुलाइन स्कूल के विद्यार्थियों ने कर्मा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, जबकि बिरनीबेड़ा स्कूल के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं मास्टर ऑफ सेरेमनी विकास सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट का आयोजन भी किया गया।
समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा डॉ. दिनेश झा, डीएमसी सर्वजीत पाठक, खेल नोडल अधिकारी रविशंकर पाण्डेय सहित अन्य अतिथि, अधिकारी, शिक्षक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

