PTV BHARAT 26 OCTOBER 2026 – सरगुजा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में साकार हो रहे गरीब परिवारों के पक्के आवास के सपने, जयानंदन दास को मिला सुरक्षित आशियाना
हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसके सिर पर अपनी पक्की छत हो, जहां वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन बिता सके। आर्थिक अभाव के कारण अनेक जरूरतमंद परिवारों के लिए यह सपना वर्षों तक अधूरा रह जाता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ऐसे ही परिवारों के सपनों को साकार कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटया निवासी जयानंदन दास का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार हुआ है। कभी मिट्टी के कच्चे मकान में परेशानियों के बीच जीवन बिताने वाले जयानंदन दास आज अपने पक्के आवास में परिवार के साथ सुरक्षित और सुकून भरा जीवन जी रहे हैं।
कच्चे मकान में हर बरसात बन जाती थी चुनौती
जयानंदन दास बताते हैं कि पहले उनका परिवार मिट्टी के कच्चे मकान में रहता था। बरसात का मौसम आते ही परेशानियां बढ़ जाती थीं। छत से पानी टपकने, दीवारों में सीलन आने और मकान के क्षतिग्रस्त होने का डर बना रहता था। चूहों की समस्या भी परिवार को परेशान करती थी। बारिश के दौरान घर और घरेलू सामान को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती थी। मकान की टूट-फूट और बार-बार मरम्मत की जरूरत के कारण परिवार को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
सीमित संसाधनों के कारण पक्का मकान बनवाना संभव नहीं हो पा रहा था, लेकिन बेहतर और सुरक्षित घर की उम्मीद उन्होंने नहीं छोड़ी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से उनका यह सपना पूरा हुआ। योजना का लाभ मिलने के बाद उन्होंने अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा कर लिया।
अब उनका परिवार मजबूत छत के नीचे सुरक्षित महसूस करता है। बरसात में पानी टपकने, सीलन और बार-बार मरम्मत कराने जैसी परेशानियों से राहत मिली है। जयानंदन दास के लिए यह आवास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि वर्षों की कठिनाइयों से मुक्ति और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है।
पक्का घर मिलने से लौटी खुशियां, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
अपने पक्के आवास को लेकर जयानंदन दास बेहद खुश हैं। उन्होंने स्थानीय बोली में अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “पहिली मिट्टी के घर रहिस सर, बहुत समस्या रहिस। बरखा पानी म परेशानी होवत रहिस, चूहे घर मन घलो दिक्कत रहिस। अब पक्का घर बन गे हे, पानी ले बचत हन, अब मरम्मत के चिंता नइ हे। प्रधानमंत्री आवास योजना ले मोला आवास मिलिस हे, एकर बर विष्णु भईया ला बहुत-बहुत धन्यवाद।”
जयानंदन दास बताते हैं कि पक्का मकान बनने से उनके परिवार की वर्षों पुरानी चिंता दूर हो गई है। अब बारिश के मौसम में पहले जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने बताया कि गांव के अन्य पात्र परिवारों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है और उनके पक्के मकान बन रहे हैं। उन्होंने योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा सुरक्षित जीवन का आधार
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। योजना का उद्देश्य केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन के लिए स्थायी आधार प्रदान करना भी है। पक्के मकान मिलने से परिवारों को मौसम की मार, असुरक्षित आवास और बार-बार मरम्मत की परेशानियों से राहत मिल रही है।
सरगुजा जिले के जयानंदन दास की कहानी इसी बदलाव का उदाहरण है। कभी बरसात में टपकती छत और मिट्टी की दीवारों के बीच जीवन बिताने वाला उनका परिवार आज अपने पक्के घर में सुकून से रह रहा है। उनके चेहरे की खुशी और मुख्यमंत्री के प्रति व्यक्त आभार दर्शाते हैं कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। जयानंदन दास का पक्का आशियाना अब सुरक्षित जीवन, आत्मसम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीदों का आधार बन गया है।

