PTV BHARAT 5 NOVEMBER 2026- रायपुर : दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
बालोद जिले के ग्राम भेंड्रा में बुधवार को दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उनके साथ शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका और पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिवंगत विधायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
जनसेवा और योगदान को किया याद
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन समाज और जनजीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान, जनसेवा के प्रति समर्पण और लोगों से आत्मीय जुड़ाव को हमेशा याद किया जाएगा। उनका स्नेह, सरल व्यवहार और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता लोगों के हृदय में सदैव बनी रहेगी।
इस अवसर पर सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका दल्लीराजहरा के अध्यक्ष तोरन लाल साहू, नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष प्रमोद जैन, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

