रायपुर : कवर्धा के किसान को मुख्यमंत्री ने भेजा दीपावली का संदेश, सौर ऊर्जा अपनाने की पहल को सराहा

PTV BHARAT 6 NOVEMBER 2026- रायपुर : कवर्धा के किसान को मुख्यमंत्री ने भेजा दीपावली का संदेश, सौर ऊर्जा अपनाने की पहल को सराहा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से दीपावली पर मिला आत्मीय संदेश कवर्धा निवासी किसान ओंकार साहू और उनके परिवार के लिए खास बन गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा अपनाने वाले कवर्धा के रामनगर निवासी ओंकार साहू को मुख्यमंत्री ने ‘विष्णु का पाती’ भेजकर दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। पत्र में मुख्यमंत्री ने खेती-किसानी के साथ सौर ऊर्जा अपनाने की उनकी पहल की सराहना करते हुए इसे आर्थिक आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा का लाभ परिवारों तक पहुंच रहा है। स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग न केवल आर्थिक बचत करता है, बल्कि आसपास के वातावरण को बेहतर बनाने में भी सहायक है। उन्होंने ओंकार साहू के परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की है।

सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल किया शून्य

खेती-किसानी से जुड़े ओंकार साहू ने 28 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया। इस पर उन्होंने कुल 1 लाख 90 हजार रुपये खर्च किए, जिसमें उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी मिली।

उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर का बिजली बिल प्रतिमाह लगभग 1 हजार से 1,500 रुपये तक आता था। अब सौर ऊर्जा से घर की बिजली संबंधी जरूरतें पूरी हो रही हैं और उनका बिजली बिल शून्य हो गया है।

खपत से अधिक बिजली उत्पादन, ग्रिड में भेजकर मिले 9 हजार रुपये

ओंकार साहू ने बताया कि उनके सोलर पैनल से घर की जरूरत से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। उपयोग के बाद बची हुई बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है। इस अतिरिक्त बिजली के बदले अब तक उन्हें करीब 9 हजार रुपये का आर्थिक लाभ मिल चुका है। इस तरह वे अब केवल बिजली उपभोक्ता नहीं, बल्कि अतिरिक्त बिजली का उत्पादन कर ग्रिड को आपूर्ति करने वाले उत्पादक भी बन गए हैं।

आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान

ओंकार साहू का कहना है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना उनके परिवार के लिए काफी लाभकारी साबित हुई है। पहले हर महीने बिजली बिल के रूप में राशि खर्च करनी पड़ती थी, जबकि अब बिजली बिल शून्य हो गया है। अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजने से आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाना आर्थिक रूप से फायदेमंद होने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी जरूरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से ‘विष्णु का पाती’ मिलना उनके और उनके परिवार के लिए गर्व एवं प्रसन्नता का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *