PTV BHARAT 6 NOVEMBER 2026- रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पाती में बेटियों की शिक्षा और खेलकूद की उपलब्धियों का विशेष उल्लेख
छत्तीसगढ़ में शासन की योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान योजना) से जुड़कर स्व-सहायता समूह के माध्यम से अपनी आजीविका को सशक्त बना रहीं रायपुर अंचल की जयंती तिर्की को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘विष्णु के पाती’ के माध्यम से राज्योत्सव और पर्वों की आत्मीय शुभकामनाएं भेजी हैं।
पत्र में बेटियों की उपलब्धियों का विशेष उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में जयंती तिर्की के आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना की है। साथ ही उनके पूरे परिवार और विशेष रूप से दोनों बेटियों की शिक्षा एवं खेलकूद के क्षेत्र में मिली उपलब्धियों का उल्लेख किया है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में बताया कि जयंती तिर्की की छोटी बेटी ने हाल ही में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले परिवार की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री की ओर से व्यक्तिगत रूप से बधाई मिलना पूरे परिवार के लिए अप्रत्याशित और खुशी का विषय रहा।
मुख्यमंत्री की पाती से परिवार में खुशी
मुख्यमंत्री का पत्र पाकर जयंती तिर्की और उनका पूरा परिवार प्रसन्न है। जयंती तिर्की ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस आत्मीयता और अपनत्व के साथ उनके परिवार और बेटियों की उपलब्धियों को पत्र में याद किया है, उससे उन्हें शब्दों में व्यक्त न कर पाने वाली खुशी मिली है। यह उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके बच्चों के भविष्य के प्रति भी संवेदनशील है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए आशा जताई कि वे इसी तरह प्रदेश की महिलाओं और परिवारों को आगे बढ़ाते रहेंगे।

