PTV BHARAT 6 NOVEMBER 2026- रायपुर : लगातार तीसरे साल बस्तर ओलंपिक को लेकर उत्साह, छह लाख से अधिक खिलाड़ी मैदान में उतरने को तैयार
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किए जा रहे बस्तर ओलंपिक को लेकर पूरे बस्तर संभाग में खासा उत्साह है। इस वर्ष छह लाख से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन कराया है। खास बात यह है कि खेल के मैदान में उतरने के लिए बस्तर की बेटियां और महिलाएं पुरुषों से आगे हैं। कुल 6 लाख 492 पंजीकृत खिलाड़ियों में 3 लाख 83 हजार 94 महिलाएं और 2 लाख 18 हजार 398 पुरुष शामिल हैं।
बस्तर संभाग के सातों जिलों से इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया है। प्रतियोगिताएं विकासखंड स्तर से शुरू होंगी। यहां के विजेता जिला और फिर संभाग स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाएंगे। विकासखंड स्तरीय मुकाबले 4 से 6 नवंबर, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर और संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण में रिकॉर्ड संख्या में पंजीयन के लिए बस्तरवासियों के उत्साह की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पिछले दोनों आयोजनों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। शासन और जनता के बीच प्रत्यक्ष संबंध मजबूत करने, क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनकी रचनात्मक और खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें खिलाड़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से लगातार तीसरे वर्ष बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है।
कांकेर में सबसे ज्यादा पंजीयन
बस्तर ओलंपिक के लिए 1 से 30 अक्टूबर तक खिलाड़ियों का पंजीयन किया गया। इस दौरान संभाग के सातों जिलों से कुल 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इनमें महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों से 1 लाख 63 हजार 696 अधिक है।
जिलावार पंजीयन में कांकेर 1 लाख 23 हजार 216 खिलाड़ियों के साथ सबसे आगे है। इसके अलावा बस्तर जिले में 1 लाख 4 हजार 841, कोंडागांव में 85 हजार 584, सुकमा में 80 हजार 313, दंतेवाड़ा में 80 हजार 175, नारायणपुर में 63 हजार 506 और बीजापुर में 62 हजार 857 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
तीन स्तरों पर खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर
बस्तर ओलंपिक में विकासखंड स्तर के विजेता जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। वहीं जिला स्तर के विजेताओं को संभाग स्तरीय आयोजन में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक जिले से 410 विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय आयोजन में प्रतिनिधित्व करेंगे। हॉकी और वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
11 खेल विधाओं में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के अंतर्गत 14 से 17 वर्ष के बालक-बालिकाएं और सीनियर वर्ग में बिना आयु सीमा के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कुल 11 खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी शामिल हैं।
बस्तर ओलंपिक में नक्सल हिंसा के कारण दिव्यांग हुए खिलाड़ियों और आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए भी विशेष भागीदारी की व्यवस्था की गई है। ये प्रतिभागी विकासखंड और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल हुए बिना सीधे संभाग स्तरीय आयोजन में हिस्सा ले सकेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर के खेल प्रेमियों, अभिभावकों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में खेल मैदानों में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

