PTV BHARAT 6 NOVEMBER 2026- रायपुर : विष्णु भैया की पाती मुंगेली के ग्राम लिम्हा की सुनीता को मिली, मुख्यमंत्री ने दी राज्य स्थापना दिवस की बधाई
छत्तीसगढ़ में शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं महिलाओं और उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इसकी एक और मिसाल मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम लिम्हा की निवासी सुनीता हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें स्नेहिल पत्र लिखकर राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके पूरे परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
बच्चों की शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ बच्चों की पढ़ाई और उनके बेहतर भविष्य के लिए सुनीता के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लिखा कि घर-गृहस्थी की तमाम जरूरतों को संभालते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना प्रशंसनीय है।
मुख्यमंत्री को जानकारी मिली कि महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग सुनीता अपने बच्चों के स्कूल वैन का किराया और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्चों को पूरा करने में कर रही हैं। इस पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही महतारी वंदन योजना
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना और मंशा के अनुरूप प्रदेश की माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार परिवार के हित में आर्थिक निर्णय ले सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने सुनीता के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खूब पढ़ने, अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने और सपनों को साकार करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार बच्चों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री की पाती पाकर परिवार में खुशी
मुख्यमंत्री का आत्मीय पत्र पाकर सुनीता और उनका पूरा परिवार प्रसन्न है। सुनीता ने कहा कि एक मां के लिए बच्चों की बेहतर शिक्षा और उनका उज्ज्वल भविष्य सबसे बड़ा सपना होता है। इस सपने को पूरा करने में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता और मुख्यमंत्री का स्नेहिल आशीर्वाद उनके परिवार के लिए बड़ा संबल है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

