PTV BHARAT 6 NOVEMBER 2026- रायपुर : डिजिटल और पेपरलेस विधानसभा की दिशा में छत्तीसगढ़ का बड़ा कदम, NeVA प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
छत्तीसगढ़ विधानसभा को आधुनिक तकनीक से लैस करने और उसकी कार्यप्रणाली को पारदर्शी, सुगम, सुव्यवस्थित एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA – National e-Vidhan Application) के प्रभावी क्रियान्वयन और सुचारू उपयोग को लेकर आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण का उद्देश्य और कार्यप्रणाली
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों को NeVA एप्लीकेशन की तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी देना था, ताकि विधायी कार्यों में डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिल सके। इस पहल से विधानसभा के कामकाज में सूचना प्रौद्योगिकी का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि होगी।
प्रशिक्षण सत्रों में भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय (MoPA) के NeVA समन्वयक अमन गौतम और श्रीधर स्वामी ने एप्लीकेशन के विभिन्न तकनीकी मॉड्यूल की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से एडमिन मॉड्यूल, प्रश्न मॉड्यूल और समिति मॉड्यूल के उपयोग एवं संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
डिजिटल माध्यम से संचालित होंगी विधायी प्रक्रियाएं
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विधानसभा के प्रश्नों और सूचनाओं को डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत करने, विधायी दस्तावेजों का ऑनलाइन प्रबंधन एवं सुरक्षित रख-रखाव करने तथा सदन की कार्यवाही से संबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही विभिन्न संसदीय और विधायी प्रक्रियाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित करने की जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि इस एप्लीकेशन से विधानसभा का कामकाज सरल और तेज होगा तथा कार्य निष्पादन की प्रभावशीलता बढ़ेगी।
विभिन्न संस्थानों के अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की एक महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल है। इसका उद्देश्य देश की सभी विधानसभाओं की कार्यप्रणाली को आधुनिक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी से जोड़कर डिजिटल, पारदर्शी और कागजरहित बनाना है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में NeVA के प्रभावी क्रियान्वयन से विधायी दस्तावेजों के प्रबंधन और सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी आएगी। इससे विधानसभा की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ बहुमूल्य समय और कागजी संसाधनों की भी बचत होगी।

