PTV BHARAT 10 NOVEMBER 2026- रायपुर : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से साकार हो रही तीर्थयात्रा की अभिलाषा, मां वैष्णो देवी और स्वर्ण मंदिर के दर्शन के लिए 21 तीर्थयात्री रवाना
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 21 तीर्थयात्रियों का जत्था आज कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुआ। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया और सभी यात्रियों की सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार चयनित ये तीर्थयात्री स्वर्ण मंदिर और माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन करेंगे। यात्रा के दौरान दल वाघा बॉर्डर का भी भ्रमण करेगा।
रवानगी से पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर में अतिथियों ने तीर्थयात्रियों को पुष्पमालाएँ पहनाकर आत्मीय स्वागत किया और शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ एवं पात्र नागरिकों की आस्था का सम्मान करते हुए उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है। इस योजना के माध्यम से उनकी तीर्थयात्रा की अभिलाषा साकार हो रही है।

